मधेपुरा में अब पासपोर्ट के लिए नहीं लगाना पड़ेगा पटना का चक्कर, 24 मई से लगेगा मोबाइल वैन शिविर

Madhepura Passport Camp: मधेपुरा में के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि जिले में एक बार फिर “पासपोर्ट सेवा – आपके द्वार” मोबाइल वैन शिविर का आयोजन होने जा रहा है.

Madhepura Passport Camp: मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट. मधेपुरा जिले में 24 से 26 मई 2026 तक विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाया जाएगा. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अंतर्गत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से यह शिविर “पासपोर्ट सेवा – आपके द्वार” पहल के तहत समाहरणालय परिसर में आयोजित किया जाएगा. इस शिविर के जरिए जिले के लोगों को घर के नजदीक ही पासपोर्ट सेवा का लाभ मिल सकेगा.

तीन दिनों तक चलेगा पासपोर्ट सेवा शिविर

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह विशेष शिविर लगातार तीन दिनों तक चलेगा. प्रतिदिन 55 पासपोर्ट आवेदनों के निष्पादन की व्यवस्था की गयी है. इस तरह कुल 165 आवेदनों का निपटारा किया जाएगा. शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिज़वी संयुक्त रूप से करेंगे.

जनवरी शिविर को मिला था शानदार प्रतिसाद

अधिकारियों ने बताया कि जनवरी 2026 में मधेपुरा में आयोजित पासपोर्ट मोबाइल वैन शिविर को लोगों का बेहतर प्रतिसाद मिला था. बड़ी संख्या में लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया था. नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए एक बार फिर इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है.

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का 18वां शिविर

बताया गया कि अप्रैल 2024 से अब तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा आयोजित यह 18वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा. अधिकारियों का कहना है कि किसी जिले में दूसरी बार इस तरह के शिविर का आयोजन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

लोगों को घर के पास मिलेगी बड़ी सुविधा

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से मधेपुरा और आसपास के जिलों के लोगों को काफी राहत मिलेगी. पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को पटना जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे. अब स्थानीय स्तर पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी हो सकेगी.

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि इच्छुक लोग समय पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं.

Also Read: आज पूरे बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कब तक मॉनसून की होगी एंट्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >