मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षकों की मांगें रखेंगे प्रतिनिधि

Madhepura news: उन्होंने कहा कि विशिष्ट शिक्षकों को आठ वर्ष की सेवा पूरी होने पर प्रोन्नति देने, पति-पत्नी स्थानांतरण नीति लागू करने और नियोजित शिक्षकों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी.

प्रोन्नति, वेतन और स्थानांतरण समेत कई मुद्दों को उठाने की तैयारी

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:

Madhepura news: मुख्यमंत्री के संभावित आगमन कार्यक्रम को लेकर मधेपुरा जिले के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष रखने की तैयारी शुरू कर दी है. जिला प्राथमिक शिक्षक संघ मधेपुरा के जिला कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार चौरसिया ने बताया कि मां डाकनी के दरबार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलकर शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया जाएगा.

उन्होंने कहा कि विशिष्ट शिक्षकों को आठ वर्ष की सेवा पूरी होने पर प्रोन्नति देने, पति-पत्नी स्थानांतरण नीति लागू करने और नियोजित शिक्षकों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी.

इसके अलावा शनिवार को विद्यालय अवधि दोपहर तक सीमित करने, सेवा के दौरान दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति देने तथा नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग भी की जाएगी.

शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि उदाकिशुनगंज नगर परिषद और मधेपुरा जिले के शिक्षकों को 10 प्रतिशत आवास भत्ता देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी. साथ ही सभी विशिष्ट शिक्षकों को नियुक्ति नियमावली के अनुसार आठ वर्ष में प्रोन्नति का लाभ देने की मांग की जाएगी.

शिक्षक नेताओं ने कहा कि भागलपुर जिले में विशिष्ट शिक्षकों को आठ वर्ष में प्रोन्नति दी जा रही है. ऐसे में “एक राज्य, एक नियम” के तहत पूरे बिहार में समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए.

उन्होंने उदाकिशुनगंज में शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की स्थापना और विभिन्न विद्यालयों में अटल लैब आवंटित करने की मांग भी उठाने की बात कही.

शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक सरकार के निर्देशों के अनुसार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. जिले में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग, इंस्पायर अवार्ड, हरित क्रांति कार्यक्रम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर लगातार कार्य हो रहे हैं.

इस मौके पर कई शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के आगमन पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >