अनुमंडल स्थापना दिवस पर चर्चित प्रतिभाएं सम्मानित, विकास को लेकर उठी रेलवे व उद्योग की मांग

Madhepura news:कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रमुख विकास चंद्र यादव, महिला नेत्री अनु सिंह, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष खोखा सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष गजेंद्र राम, मीट कंप्यूटर सेंटर के निदेशक परितोष झा तथा संस्था के संस्थापक बसंत कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

Madhepura news: उदाकिशुनगंज मधेपुरा से कौनैन बशीर की रिपोर्ट:

अनुमंडल स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था “मैं हूँ उदाकिशुनगंज” के बैनर तले अनुमंडल स्थापना सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन मीट कंप्यूटर सेंटर के सभागार में किया गया. समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, वहीं उदाकिशुनगंज के विकास को लेकर रेलवे सुविधा विस्तार और उद्योग स्थापना की मांग भी उठी.

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रमुख विकास चंद्र यादव, महिला नेत्री अनु सिंह, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष खोखा सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष गजेंद्र राम, मीट कंप्यूटर सेंटर के निदेशक परितोष झा तथा संस्था के संस्थापक बसंत कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

समारोह में अनुमंडल क्षेत्र की चर्चित प्रतिभाओं को अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्प देकर सम्मानित किया गया. अनुमंडल निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व विधायक स्व. सिहेश्वर मेहता की ओर से उनके पुत्र प्रभाष मेहता को सम्मानित किया गया.

इसके अलावा हिंदी साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए हरिहर साह महाविद्यालय के शिक्षक अमित कुमार मिश्र, टीएनबी महाविद्यालय भागलपुर के चर्चित लेखक एवं शिक्षक नृपण वर्मा, कॉमर्स कॉलेज मधेपुरा के शिक्षक प्रभाकर पासवान, किसान श्री पुरस्कार प्राप्त जय प्रकाश यादव, पूर्व शिक्षक अरुण देव झा, संगीत के क्षेत्र में तृषा आनंद, कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में परितोष झा, समाज सेवा के लिए सूर्य नारायण गुप्ता, तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आर्मी फिजिकल एकेडमी के निदेशक रवि राय तथा मोदी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ. अजय सागर को सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक बसंत कुमार झा ने कहा कि उदाकिशुनगंज के समुचित विकास के लिए रेलवे सुविधा का विस्तार बेहद जरूरी है. उन्होंने हरिहर साह महाविद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य एवं तकनीकी विषयों की पढ़ाई शुरू करने की मांग भी उठाई.

पूर्व प्रमुख विकास चंद्र यादव ने उदाकिशुनगंज अनुमंडल को जिला का दर्जा देने की आवश्यकता बताई. वहीं भाजपा नेता प्रभाष मेहता ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण अनुमंडल का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है. महिला नेत्री अनु सिंह ने क्षेत्र में मक्का आधारित उद्योग स्थापित करने की मांग सरकार से की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास चंद्र यादव ने की, जबकि संचालन बसंत कुमार झा ने किया. समारोह में सतीश तिवारी, अजय सागर, जय प्रकाश यादव, अरुण देव झा, लवकेश कुमार, परितोष झा, रवि राय, राकेश कुमार, सुमन सौरभ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >