सर्वसम्मति से हुआ चयन, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बनी रणनीति
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) से कौनैन बशीर की रिपोर्ट:
Madhepura news: उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से नगर परिषद पार्षद संघ का गठन किया गया. बैठक में वार्ड पार्षद नियानंद यादव को सर्वसम्मति से संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया.
अध्यक्ष चुने जाने के बाद उपस्थित पार्षदों ने नियानंद यादव को बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया. बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा पार्षदों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में पार्षदों ने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाला, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक है. इस दिशा में पार्षद संघ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नियानंद यादव ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा. साथ ही पार्षदों की आवाज को मजबूती से नगर परिषद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समय-समय पर पार्षद संघ की बैठक आयोजित कर नगर क्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी.
बैठक में वार्ड पार्षद रमन कुमार राणा, विनोद कुमार यादव, अजय कुमार, मो. शुएब उद्दीन, संजय मार्शल, कुमार अभिषेक, रीना देवी, संजू भारती, रानी देवी, सीता देवी, नथिया देवी, कविता देवी, अरहुला देवी सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे.
बैठक का समापन नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ.
