मधेपुरा में महादलित टोले में सो रहे बुजुर्ग पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

Madhepura news: घायल की पहचान दमगरा गांव निवासी जगदीश ऋषिदेव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रविवार देर रात वह अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक पहुंचे और उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उनकी गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.

वीडियो बनाने का विरोध करने पर मिली थी धमकी, परिजनों ने रंजिश में हमले का लगाया आरोप

शंकरपुर (मधेपुरा) से निरंजन कुमार की रिपोर्ट.

Madhepura news: शंकरपुर थाना क्षेत्र के टेंगराहा परिहारी पंचायत अंतर्गत दमगरा वार्ड संख्या-6 स्थित महादलित टोले में रविवार देर रात एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का इलाज जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएनकेटीएमसीएच), मधेपुरा में चल रहा है.

घायल की पहचान दमगरा गांव निवासी जगदीश ऋषिदेव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रविवार देर रात वह अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक पहुंचे और उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उनकी गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.

घायल बुजुर्ग के शोर मचाने पर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देख तीनों हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए.

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए शंकरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज जेएनकेटीएमसीएच में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

परिजनों ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कुछ दिन पूर्व पड़ोसी गांव बसंतपुर के कुछ युवक महादलित टोले में आकर युवतियों का मोबाइल से वीडियो बना रहे थे. इसका विरोध जगदीश ऋषिदेव और परिवार के अन्य लोगों ने किया था. विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी.

परिजनों का आरोप है कि उसी समय संबंधित युवकों ने बुरा अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी. उनका मानना है कि उसी विवाद और रंजिश के कारण बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किया गया है.

घटना के बाद महादलित टोले के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.

वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >