मधेपुरा से अमन श्रीवास्तव की रिपोर्ट:
Madhepura news: जिले में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बीते 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे लोगों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है.
ताजा बढ़ोतरी के बाद मधेपुरा में पेट्रोल की कीमत 114.36 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 100.28 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. लगातार बढ़ रहे दामों का असर खासकर मध्यम वर्ग और दैनिक आय पर निर्भर लोगों पर पड़ रहा है.
वाहन चालकों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों में भी इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है. उनका कहना है कि ईंधन महंगा होने से आमदनी कम हो गई है और खर्च बढ़ गया है. एक ऑटो चालक ने बताया कि पहले कुछ बचत हो जाती थी, लेकिन अब मुश्किल से घर का खर्च निकल पा रहा है.
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर बाजार पर भी दिखाई देने लगा है. माल ढुलाई महंगी होने से सब्जी, फल, राशन और अन्य जरूरी सामानों के दाम बढ़ रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सामान महंगे दाम पर खरीदना पड़ रहा है, जिसका असर ग्राहकों पर पड़ रहा है.
कई दुकानदारों ने बताया कि महंगाई के कारण ग्राहक अब जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं. इससे बाजार की रफ्तार भी धीमी हुई है.
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैक्स के कारण पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते हैं. हालांकि आम लोगों का कहना है कि सरकार को टैक्स में राहत देकर जनता को कुछ राहत देनी चाहिए.
लोगों का मानना है कि अगर ईंधन की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है. इसका असर हर वर्ग के लोगों पर पड़ेगा.
ALSO READ: मधेपुरा की सड़कों पर नाबालिग बाइक सवारों का बढ़ता खतरा
