मधेपुरा में ग्राहकों के खातों से उड़ाए ₹2.45 लाख, सीएसपी संचालक और सहयोगी पर आरोप

Madhepura news: आवेदन के अनुसार मधुबनी चौक स्थित सीएसपी केंद्र का संचालन रोहित कुमार उर्फ रुपेश, पिता राजकिशोर यादव, द्वारा किया जाता था. आरोप है कि रोहित कुमार और उसके सहयोगी शशि कुमार यादव, पिता शंभू यादव, ने ग्राहकों की जानकारी और अनुमति के बिना उनके खातों से कुल ₹2 लाख 45 हजार 500 की राशि निकाल ली.

कुमारखंड (मधेपुरा) से कौनैन बशीर की रिपोर्ट:

Madhepura news: मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित इसरायन बेला पंचायत के मधुबनी चौक पर संचालित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के संचालक और उसके सहयोगी पर आठ ग्राहकों के बैंक खातों से कथित रूप से अवैध निकासी करने का आरोप लगा है. पीड़ित ग्राहकों ने मामले को लेकर श्रीनगर थाना में सामूहिक आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

आवेदन के अनुसार मधुबनी चौक स्थित सीएसपी केंद्र का संचालन रोहित कुमार उर्फ रुपेश, पिता राजकिशोर यादव, द्वारा किया जाता था. आरोप है कि रोहित कुमार और उसके सहयोगी शशि कुमार यादव, पिता शंभू यादव, ने ग्राहकों की जानकारी और अनुमति के बिना उनके खातों से कुल ₹2 लाख 45 हजार 500 की राशि निकाल ली.

पीड़ितों ने बताया कि इसरायन बेला पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी रेखा देवी के खाते से ₹25 हजार, कंचन देवी के खाते से ₹45 हजार, उषा देवी के खाते से ₹50 हजार, मंगल मेहता के खाते से ₹23 हजार, फूल कुमारी देवी के खाते से ₹15 हजार, रंजन देवी के खाते से ₹40 हजार, मिथिलेश कुमार के खाते से ₹9,500 तथा मुकेश कुमार के खाते से ₹40 हजार की निकासी की गई है. सभी खातों से निकाली गई राशि का कुल योग ₹2,45,500 बताया गया है.

ग्राहकों का कहना है कि जब उन्हें खातों से राशि निकासी की जानकारी मिली तो वे सीएसपी केंद्र पहुंचकर संचालक से जवाब मांगने गए. आरोप है कि मामले की जानकारी मिलते ही संचालक केंद्र बंद कर फरार हो गया. इसके बाद सभी पीड़ित एकजुट होकर श्रीनगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.

पीड़ितों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके खातों से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है.

इस संबंध में श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि पीड़ितों से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >