Madhepura Health Camp: अमन श्रीवास्तव, मधेपुरा. मधेपुरा के सिविल क्षेत्र में रविवार को आयोजित विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया. शिविर का आयोजन वार्ड 14 के पूर्व वार्ड पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता ध्यानी यादव के नेतृत्व में किया गया. सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी और बड़ी संख्या में मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया.
शिविर का उद्घाटन मोहम्मद इश्तियाक आलम ने फीता काटकर किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्य गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं.
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी मुफ्त जांच और परामर्श
आयोजक ध्यानी यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि कई लोग आर्थिक तंगी या जागरूकता की कमी के कारण समय पर जांच नहीं करा पाते हैं, ऐसे में यह शिविर उनके लिए मददगार साबित हो रहा है.
शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ फूल कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ संजय कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मनोरंजन कुमार, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ नीलम निशांत, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा भारती और दंत चिकित्सक डॉ रूपा कुमारी ने अपनी सेवाएं दीं.
आंख, दांत और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
डॉक्टरों ने मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर, आंखों और दांतों की जांच की. साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराने की सलाह दी गई.
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ संजय कुमार ने कहा कि मोबाइल और कंप्यूटर के बढ़ते इस्तेमाल के कारण आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मनोरंजन कुमार ने बच्चों के संतुलित आहार और टीकाकरण पर जोर दिया.
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा भारती ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित जांच और साफ-सफाई बेहद जरूरी है.
लोगों ने बताया राहत भरा कदम
स्थानीय लोगों ने शिविर को काफी उपयोगी बताया. लोगों का कहना था कि बिना किसी खर्च के विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और सलाह मिलना उनके लिए बड़ी राहत है.
कार्यक्रम के अंत में आयोजक ध्यानी यादव ने सभी डॉक्टरों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
