घर लौट रही विवाहिता से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मधुपुरा के कुमारखंड में घर लौट रही एक विवाहिता ने गांव के युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Madhepura Crime: मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर थाना क्षेत्र की रामनगर महेश पंचायत में एक विवाहिता ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर श्रीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

घर लौटने के दौरान रास्ते में रोकने का आरोप

थाना में दिए आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह शौच कर घर लौटने के दौरान गांव के ही रिंकल कुमार साह ने रास्ते में रोककर जबरन सड़क किनारे स्थित बांसबाड़ी की ओर खींच लिया. वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया. महिला द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

पूर्व में भी हरकत करने का आरोप

Madhepura Crime: पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित युवक पूर्व में भी इस तरह की हरकत कर चुका है. उस समय गांव में पंचायत के माध्यम से मामला सुलझा दिया गया था. इस बार उसने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीनगर थाना पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि महिला द्वारा थाना में आवेदन देकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन, 80 छात्रों के साथ नए सत्र की हुई शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: पवन कुमार

Published by: Pintu Pranav

पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >