मधेपुरा कॉलेज चौक गोलीकांड का हुआ खुलासा, किराना दुकानदार को गोली मारने वाला अपराधी समेत पांच गिरफ्तार

Madhepura College Chowk firing incident revealed

अवैध हथियार, गोली, दो बाइक, सात मोबाइल व पैसा बरामद

एएसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

मधेपुरा.

शहर के कॉलेज चौक स्थित किराना दुकानदार को गोली मारकर जख्मी करने की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुये पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अवैध हथियार, गोली, दो बाइक, सात मोबाइल फोन व लूट गयी 55 सौ रुपये बरामद किया.

इस मामले का खुलासा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बुधवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान किया. एएसपी ने बताया कि 25 फरवरी की रात मधेपुरा थाना एवं भर्राही थाना क्षेत्र में दो घटनाएं हुई थी. इनमें कॉलेज चौक पर किराना दुकानदार को गोली मारकर जख्मी करने व बरमोत्तर में डकैती की घटना शामिल थी. इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया था.

गठित टीम लगातार सूचना संकलन व छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में 10 मार्च की रात करीब 1:15 बजे गुप्त सूचना के आधार पर भर्राही थाना क्षेत्र के महेशुआ से बरमोत्तर जाने वाली कच्ची सड़क पर छापेमारी की गयी. यहां किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार अपराधियों में हनुमान नगर चौरा निवासी 22 वर्षीय विकास कुमार, कुमारखंड थाना के विशनपुर निवासी 22 वर्षीय निवासी मनखुश कुमार, 22 वर्षीय तुलसीबाड़ी निवासी गुलशन कुमार, चंदनपुर निवासी 20 वर्षीय सत्यम कुमार तथा श्रीनगर थाना के पोखरिया टोला निवासी 33 वर्षीय मो इश्तियाक है.

पूछताछ के दौरान अपराधियों ने खुलासा किया कि कॉलेज चौक स्थित किराना दुकानदार की दो दिन पहले से रेकी की गयी थी. 24 फरवरी को अजय कुमार, मो अजीम, विकास कुमार, गुलशन कुमार व सत्यम कुमार दो बाइक से दुकान पर पहुंचे. सिगरेट और गुटखा मांगने के बहाने दुकान से लूट का प्रयास किया गया. इस दौरान दुकानदार से हाथापाई होने लगी, तभी विकास कुमार ने दुकानदार के मुंह में गोली मार दी और सभी आरोपी बाइक से फरार हो गया. इसके बाद सभी आरोपी बिरैली बाजार पहुंचे और पूर्व नियोजित योजना के तहत तेजनारायण गुप्ता के घर में पीछे से घुसकर उन्हें एवं उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद नकद व जेवरात लूटकर सभी आरोपी रायभीड़ चौक के पास आपस में लूट का सामान बांटकर अपने-अपने ठिकाने पर फरार हो गया.

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 211/26 के तहत विभिन्न धाराओं व आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था. वहीं बरामदगी के आधार पर भर्राही थाना में भी अलग से मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष बिमलेन्दु कुमार, भर्राही थानाध्यक्ष अरमोद कुमार, पुअनि अजय कुमार, दुर्गेश कुमार, इंदल कुमार, जिला सूचना इकाई की टीम, एसटीएफ टीम, सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >