CMR Supply Review: समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी भवन में शनिवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समय पर सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, निबंधित राइस मिलर, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा बिहार राज्य खाद्य निगम के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
31 जुलाई तक पूरी करनी होगी सीएमआर आपूर्ति
बैठक में डीएम ने सीएमआर आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों, समितियों एवं राइस मिलरों को 31 जुलाई 2026 से पहले शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा का हर हाल में पालन किया जाए.
94 प्रतिशत सीएमआर की हो चुकी है आपूर्ति
CMR Supply Review: समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत अधिप्राप्त 84,306.384 मीट्रिक टन धान के समतुल्य 56,485.28 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति की जानी है. इनमें से 18 जुलाई 2026 तक 52,890.022 मीट्रिक टन यानी लगभग 94 प्रतिशत सीएमआर बिहार राज्य खाद्य निगम, मधेपुरा को उपलब्ध कराया जा चुका है.
दो राइस मिलों से मांगा गया स्पष्टीकरण
सीएमआर आपूर्ति में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने कोशीकिंग राइस मिल एवं अजगैबी नाथ राइस मिल से स्पष्टीकरण तलब किया. साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को दोनों राइस मिलों की जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
बैठक के अंत में डीएम अभिषेक रंजन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सीएमआर आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाली समितियों एवं राइस मिलों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया.
