Madhepura News: मधेपुरा जिले के चौसा में श्रावणी मेला के दौरान देवघर जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ कर दिया गया है. बोल बम सेवा समिति चौसा के तत्वावधान में कच्ची कांवरिया पथ पर जोड़ी पार बम काली मंदिर के पास स्थापित इस सेवा शिविर का उद्घाटन बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र नारायण यादव ने किया.
हर साल सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर तक जलाभिषेक के लिए निकलने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए इस शिविर में भोजन, पेयजल, स्नान, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.
बाबा बैद्यनाथ की महिमा का किया उल्लेख
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि भारत संतों और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और यहां गंगा तथा धरती को माता का स्थान दिया जाता है.
उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की महिमा अद्भुत है और उनकी कृपा से हर वर्ष देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में कांवरियों की सेवा करना भी एक पुण्य कार्य है.
तीन वर्षों से लगातार चल रहा सेवा शिविर
बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि चौसा बोल बम सेवा समिति पिछले तीन वर्षों से लगातार कांवरियों के लिए निशुल्क सेवा शिविर का संचालन कर रही है.
उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहते हैं और यह कार्य पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ किया जाता है.
चाय, भोजन, स्नान और मेडिकल सुविधा उपलब्ध
सांसद प्रतिनिधि कुंदन कुमार बंटी ने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए शिविर में चाय, नाश्ता, भोजन, शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्नानागार और मेडिकल सुविधा सहित कई आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं.
श्रावणी मेला के दौरान लंबी पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह शिविर राहत का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.
Madhepura News: स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम को श्रम प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, पूर्व प्राचार्य नवलकिशोर जयसवाल और अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष जीवन ज्योति ने भी संबोधित किया.
इस अवसर पर आदित्य नारायण, मनोज कुमार भारती, विजय जयसवाल, राम-लखन चौधरी, सोनू जयसवाल, विनोद भगत, शरणागत जयसवाल, सोनेलाल राय, रोहित कुमार, संतोष साह, सियाराम पासवान, अभिनंदन कुमार, कमलेश्वरी भगत, ननकी साह, हरी पासवान, धनराज भगत और गुड्डू कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
