उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत बीड़ी रणपाल पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल की ओर से जनता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष जयकांत यादव एवं संचालन प्रखंड अध्यक्ष गजेंद्र राम ने किया. मौके पर संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिहारीगंज विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी ई प्रभाष कुमार ने कहा कि बिहार में डबल इंजन सरकार के 20 सालों के कार्यकाल में हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाओं और महंगाई में लगातार वृद्धि हुई है. ऐसा लगता है कि बिहार में लाचार और खटारा सरकार चल रही है और भाजपा सत्ता के स्वार्थ में किसी हद तक जाने के लिए तैयार है. बिहार में डबल इंजन सरकार के नेतृत्वकर्ता पूरी तरह से अचेतावस्था में हैं और उनको बिहार की जनता से कोई मतलब नहीं है. सरकार जनता के लिए कोई कार्य नहीं कर रही है. बिहार इन 20 वर्षों में फिसड्डी राज्य हो गया है. ये नीति आयोग की रिपोर्ट से भी स्पष्ट हो गया है, जहां बिहार मानवीय सूचकांक के मामले में चाहे चिकित्सा का क्षेत्र हो, शिक्षा का क्षेत्र हो और विकास के मामले हो सभी मामलों में बिहार फिसड्डी राज्य है. बिहार में पुल-पुलिया गिर रहे हैं. बिहार में बढ़ते अपराध तथा अन्य ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है. जबकि सभी जानते हैं कि सारी एजेंसिया भाजपा के प्रकोष्ठ के तौर पर कार्य करती रही है. ई प्रभाष ने कहा कि 20 साल से बिहारीगंज को बदहाल बना दिया है, बिहारीगंज के विकास के लिए हमलोगों को अब नेतृत्व बदलने की जरूरत है. इस मौके पर राजद नेता रामकृष्ण मंडल एवं दयानन्द शर्मा,विजय मंडल, दुर्गानंद यादव, जुबैर आलम,शेख किताबुल,पुरण मंडल, मो. इजराफिल,पवन यादव,चंद्रमणि कुमार,अशोक यादव,सुनील यादव,मिलन यादव अनिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
