प्रखंड सह अंचल कार्यालय की व्यवस्था बदहाल, शौचालय के अभाव में आम लोग परेशान

शौचालय के अभाव में आम लोग परेशान

स्वच्छता अभियान का संदेश देने वाले अधिकारी ही सुविधा सुधार में उदासीन, महिलाओं को झेलनी पड़ती है सबसे ज्यादा फजीहत कुमारखंड. प्रखंड सह अंचल कार्यालय, जो गांवों के विकास की धुरी माना जाता है, खुद ही बदहाली के दौर से गुजर रहा है. कार्यालय परिसर में आम लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है. खाद्य उपभोक्ता कार्यालय और बाल विकास परियोजना कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों लोग विभिन्न कार्यों के सिलसिले में आते हैं, लेकिन उनके लिए न बैठने की व्यवस्था है, न ही शौचालय की. हेल्प डेस्क तक नहीं होने के कारण लोगों को कार्यालय में इधर-उधर भटकना पड़ता है. शौचालय नहीं रहने से यहां आने वाले लोगों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पुरुष किसी तरह बाहर जाकर निपट लेते हैं, लेकिन महिलाओं को खुले में जाने की मजबूरी के कारण अक्सर शर्मसार होना पड़ता है. 21 पंचायतों के 72 गांवों से बड़ी संख्या में लोग यहां रोजाना पहुंचते हैं, जिससे समस्या और भी गंभीर हो गयी है. आश्चर्य की बात यह है कि कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए शौचालय मौजूद तो हैं, लेकिन रख-रखाव के अभाव में पूरी तरह बेकार हो चुके हैं. शौचालयों के बाहर बड़े बक्से रखकर उनका उपयोग बंद करा दिया गया है. लोगों का आरोप है कि अधिकारी भी इन सुविधाओं को ठीक कराने में कोई रुचि नहीं लेते, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को हो रहा है. ग्रामीण रविशंकर प्रसाद, मनोरमा देवी, सिम्पली कुमारी, सुलेखा कुमारी, दयमंती देवी, वीणा देवी सहित कई लोगों ने कहा कि एक तरफ गांवों में शौचालय निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है, जबकि दूसरी ओर स्वयं सरकारी कार्यालय ही स्वच्छता के बुनियादी मानकों पर खरे नहीं उतरते. ग्रामीणों ने कार्यालय परिसर में उपयोगी शौचालयों के निर्माण व पुराने शौचालयों की मरम्मत की मांग की है. इस संबंध में बीडीओ प्रियदर्शी राजेश पायरट ने बताया कि शौचालयों की स्थिति की जांच कर समस्या का स्थायी समाधान जल्द किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >