MADHEPURA: जलजमाव से प्रखंड मुख्यालय बेहाल, व्यापार मंडल बंद, ट्रांसफार्मर के पास करंट का खतरा बढ़ा

जलजमाव के कारण कार्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार परिसर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं.

मधेपुरा से पवन झा की रिपोर्ट:

मधेपुरा: लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. प्रखंड कार्यालय परिसर से लेकर आसपास के कई हिस्सों में पानी जमा होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति ऐसी हो गई है कि प्रखंड मुख्यालय स्थित व्यापार मंडल कार्यालय कई दिनों से बंद पड़ा है.

जलजमाव के कारण कार्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार परिसर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. कार्यालय आने वाले लोगों को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को हो रही है.

लोगों ने बताया कि मामूली बारिश में भी परिसर में पानी जमा हो जाता है, लेकिन इस बार लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है.

सबसे बड़ी चिंता का विषय प्रखंड कार्यालय परिसर में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के आसपास भरा पानी है. इससे करंट फैलने का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास सुरक्षा की कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है. यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है.

व्यापार मंडल बंद रहने से किसानों और स्थानीय व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खाद-बीज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने वाले लोग निराश होकर लौट रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए ताकि हर वर्ष की इस समस्या से राहत मिल सके.

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अविलंब जलजमाव हटाने, ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाने और विद्युत विभाग से जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाया गया तो बारिश के मौसम में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.

ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में इस स्थिति को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए जिला प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >