Bihar University Act: मुरलीगंज (मधेपुरा). बिहार सरकार के प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में केपी महाविद्यालय, मुरलीगंज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी चरणबद्ध राज्यव्यापी आंदोलन में भाग लेंगे. विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा, बिहार के आह्वान पर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है. आंदोलन का उद्देश्य विश्वविद्यालयों की अकादमिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वायत्तता बनाए रखने की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराना है.
विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर जताई चिंता
संघर्ष मोर्चा का कहना है कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 लागू होने से विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित होगी. शिक्षकों का आरोप है कि नए प्रावधानों से उच्च शिक्षण संस्थानों पर सरकारी नियंत्रण बढ़ने की आशंका है, जिससे शिक्षा व्यवस्था की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है.
काली पट्टी बांधकर शुरू हुआ पहला चरण
आंदोलन के पहले चरण के तहत पांच से आठ अगस्त तक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर नियमित कार्य करते हुए विरोध दर्ज करा रहे हैं. इस दौरान शैक्षणिक कार्य प्रभावित किए बिना सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
10 अगस्त को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर प्रदर्शन
संघर्ष मोर्चा के कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को सभी शिक्षक एवं कर्मचारी सामूहिक आकस्मिक अवकाश लेकर संबंधित विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचेंगे. वहां प्रदर्शन किया जाएगा तथा कुलपति के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा.
11 से 25 अगस्त तक होगी नारेबाजी
आंदोलन के अगले चरण में 11 अगस्त से 25 अगस्त तक प्रत्येक कार्य दिवस में दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक कार्यस्थल पर नारेबाजी कर प्रस्तावित अधिनियम का विरोध किया जाएगा. इसके बाद सभी कर्मचारी अपने नियमित कार्यों का निष्पादन करेंगे.
शिक्षक-कर्मचारियों ने आंदोलन को सफल बनाने का लिया संकल्प
Bihar University Act: केपी महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने राज्यव्यापी आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर प्रो. महेंद्र मंडल, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. राजकुमार, डॉ. विकास कुमार सिंह, डॉ. संगीता सिन्हा, डॉ. खंडेलवाल, प्रतीक कुमार, डॉ. मो. रजा, डॉ. राघवेंद्र कुमार, डॉ. दीपक कुमार, अखिलेश कुमार, सुधीर कुमार साह, राजन कुमार, महेश राम, मीना कुमारी, शुभा कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे.
Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी
