Liquor Crackdown : जिलाधिकारी के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने जिले में शराब एवं सूखा नशा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया. स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक और सदर अस्पताल परिसर सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई. इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर वाहनों की सघन जांच के साथ दवा दुकानों की भी विशेष जांच की गई.
चाय अड्डे से बरामद हुआ अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप
अभियान के दौरान आनंद बिहार कॉलोनी वार्ड संख्या 03 स्थित बीपीएससी एंड सीटीईटी चाय अड्डा में छापेमारी की गई. यहां से लगभग 7.100 लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया. मामले में विभाष कुमार तथा विधि विरुद्ध किशोर पुष्पक कुमार को गिरफ्तार किया गया. दोनों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
दो थाना क्षेत्रों से चुलाई शराब बरामद
मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा पंचायत भवन के पास छापेमारी के दौरान लगभग 21 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. इस मामले में भवेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. वहीं बिहारीगंज थाना क्षेत्र के चंडिका स्थान के समीप की गई कार्रवाई में करीब 4.500 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब जब्त की गई, जिसमें रौशन कुमार को गिरफ्तार किया गया.
ब्रेथ एनालाइजर जांच में भी एक गिरफ्तार
उत्पाद विभाग ने अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से भी जांच अभियान चलाया. जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. इस प्रकार पूरे अभियान में कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है. सभी के विरुद्ध विधिसम्मत अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा.
