मधेपुरा. अल्पसंख्यक कल्याण बालक छात्रावास में छात्रों के बेहतर स्वास्थ्य एवं जागरूकता को लेकर त्रैमासिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. बिहार सरकार, जिला प्रशासन और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निर्देश पर आयोजित शिविर का उद्घाटन छात्रावास अधीक्षक डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने किया. कार्यक्रम के दौरान प्रो. डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने छात्रों को स्वच्छता, संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या के महत्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है. उन्होंने छात्रों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी बीमारी को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की. शिविर में सदर अस्पताल मधेपुरा से पहुंचे चिकित्सा दल ने छात्रावास में रहने वाले छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. इस दौरान छात्रों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जांच और मौसमी बीमारियों की पहचान की गई. जरूरतमंद छात्रों को चिकित्सीय परामर्श और प्राथमिक उपचार भी दिया गया. स्वास्थ्य जांच दल में डॉ. कपिल देव अनुपम, गौतम कुमार, मनोज कुमार और मुकेश कुमार शामिल रहे. छात्रावास प्रशासन ने बताया कि छात्रों के स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस तरह के जागरूकता और स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे.
अल्पसंख्यक छात्रावास में स्वास्थ्य जांच शिविर
शिविर में सदर अस्पताल मधेपुरा से पहुंचे चिकित्सा दल ने छात्रावास में रहने वाले छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया.
