जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उदाकिशुनगंज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
उदाकिशुनगंज.
28वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उदाकिशुनगंज स्थित आर्मी फिजिकल एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता में एकेडमी के कई खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक व सम्मान हासिल किया. प्रतियोगिता के 5000 मीटर ओपन महिला वर्ग की दौड़ में साफो कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं गोला फेंक प्रतियोगिता में कुमारी कोमल ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. 5000 मीटर पुरुष वर्ग में प्रभाष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. इसके अलावा 200 मीटर दौड़ में भी प्रभाष ने तीसरा स्थान हासिल कर दोहरी सफलता अर्जित की. अंडर-20 वर्ग में सौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया. इसके साथ ही हाई जंप प्रतियोगिता में सौरव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लॉन्ग जंप में भी उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त कर एकेडमी का गौरव बढ़ाया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारियों द्वारा शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों की सफलता से उदाकिशुनगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है. आर्मी फिजिकल एकेडमी के संस्थापक रवि रॉय एवं निदेशक तनवीर आलम ने सफल खिलाड़ियों को संस्थान पहुंचने पर सम्मानित करते हुए उन्हें ढेर सारी बधाई दी. उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के बल पर खिलाड़ी लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं. दोनों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.