शंकरपुर. मधेपुरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के एक पुराने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित विकास कुमार उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपित की निशानदेही पर की गयी छापेमारी में पुलिस ने उसके घर से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किये हैं. गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी में पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जिले में असामाजिक तत्वों और फरार अपराधियों की धर-पकड़ के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इसी क्रम में सिंहेश्वर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जाल बिछाकर बसंतपुर (थाना शंकरपुर) निवासी उपनंदन चौधरी के 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार उर्फ अमन कुमार को दबोच लिया. विकास कुमार सिंहेश्वर थाना कांड 34/26 में लंबे समय से फरार चल रहा था. पूछताछ के बाद घर से मिला अवैध हथियार गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम ने विकास उर्फ अमन से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सिंहेश्वर कांड में इस्तेमाल किये गये हथियार को अपने घर में छुपाकर रखने की बात स्वीकार की. इसके बाद शंकरपुर थाना के थानाध्यक्ष राजीव कुमार, सिंहेश्वर थाना के पुलिस पदाधिकारियों और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर अचानक छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने घर से एक लोहे का अवैध कट्टा, दो कारतूस व एक खोखा बरामद किया. हथियार बरामदगी का नया मामला दर्ज, भेजा गया जेल घर से अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ शंकरपुर थाना में एक नया मामला (कांड सं०-113/26) आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26 के तहत दर्ज किया है. वहीं, पुराने मामले (सिंहेश्वर थाना संख्या-34/26) में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपित यह अवैध हथियार कहां से खरीद कर लाया था और इसे घर में रखने के पीछे उसका क्या मकसद था. इस सफल कार्रवाई में शंकरपुर थाना के थानाध्यक्ष राजीव कुमार, सिंहेश्वर थाना के जयनंदन राम, रौशन कुमार, रविशंकर, शंकरपुर थाना के दिनेश कुमार झा सहित एसटीएफ की टीम और दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आर्म्स एक्ट का फरार आरोपित गिरफ्तार, घर से कट्टा और कारतूस बरामद
मधेपुरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.
