सिंहेश्वर
नगर पंचायत स्थित मवेशी हाट मैदान में आयोजित बाबा सिंहेश्वर नाथ क्रिकेट टूर्नामेंट 2025- 26 का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए यादगार रहा. इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब, सिंहेश्वर के सफल आयोजन में खेले गए इस महा मुकाबले में ईएससीसी सिंहेश्वर ने केसीसी किशनपुर को चार रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ईएससीसी सिंहेश्वर की टीम 19.2 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. टीम की ओर से सत्यम सिंह ने 17 गेंदों पर विस्फोटक 40 रन, जबकि मनीष ने 20 गेंदों में 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. इसके अलावा सत्यम भारद्वाज ने मध्यक्रम में जिम्मेदारी संभालते हुए 13 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया. फील्डिंग के दौरान भी सत्यम भारद्वाज ने चुस्ती दिखाते हुए अहम मौकों पर टीम का साथ दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीसी किशनपुर की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन ही बना सकी. उनकी ओर से पंकज कुमार तोरफर युवा ने 23 गेंदों पर ताबड़तोड़ 52 रन की पारी खेलकर मुकाबले को आख़िरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा. लेकिन जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके. ईएससीसी सिंहेश्वर की गेंदबाज़ी में ललन झा, रोहित सिंह, अरमान मलिक, मनीष और नितेश कुमार ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए दबाव बनाए रखा, जो जीत का कारण बना. मैच में अंपायर की भूमिका सोनू झा और सरोज सिंह ने निभाई. जबकि स्कोरर के रूप में दीपक और मनीष ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी संभाली. बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने फाइनल मुकाबले का भरपूर आनंद लिया. इस तरह शानदार टीम प्रदर्शन, संतुलित बल्लेबाज़ी और सटीक गेंदबाज़ी के दम पर ईएससीसी सिंहेश्वर ने बाबा सिंहेश्वर नाथ क्रिकेट टूर्नामेंट 2025- 26 की ट्रॉफी अपने नाम किया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
