-बसैठा का रहने वाला दिलीप और उसका भाई अमित मंजौरा में चलाता था क्लिनिक- -शव के शरीर पर था सिर्फ गंजी और जंघिया, आसपास भी नहीं मिला कोई कपड़ा- प्रतिनिधि, उदाकिशुनगंज बिहारीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंजौरा बाजार वार्ड नंबर नौ स्थित दिलीप कुमार पासवान (20) के गले में फंदे से लटका शव मिला. मृतक चौसा प्रखंड के बसैठा गांव का रहने वाला था. मिली जानकारी के अनुसार मृतक दिलीप कुमार अपने बड़े भाई अमित कुमार पासवान के साथ मंजौरा बाजार में पिछले छह वर्षों से किराए के मकान में क्लिनिक चला रहा था. परिजनों ने बताया कि मृतक का बडा भाई एक सप्ताह पूर्व कहीं निजी कार्य से बाहर गए हुए हैं. घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है. सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार रंजन एवं मंजौरा पुलिस कैंप प्रभारी जियाउल हक दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं बाहर ले जाकर उसे मार यहां शव को लटका दिया गया है. मृतक के शरीर पर सिर्फ गंजी और जंघिया था. घटनास्थल के आसपास कहीं भी मृतक का कपड़ा नहीं था, जबकि मृतक का मोबाइल घटनास्थल पर ही बरामद हुआ. थानाध्यक्ष अमित कुमार रंजन ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है. यदि यह हत्या है तो वह शीघ्र गिरफ्तार होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
