ग्वालपाड़ा (मधेपुरा) से हीरानंद झा की रिपोर्ट:
मकई छील रही मासूम के सामने दी गाली, विरोध पर हुआ उग्र
पूरी घटना अरार थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड संख्या 11 की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर बाद सुखासन निवासी कारी यादव उर्फ सबलु यादव की सात वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी अपने खेत में मकई छीलने का काम कर रही थी. इसी दौरान बभनगामा गांव का निवासी 55 वर्षीय मंटू यादव अचानक वहाँ पहुंचा और छोटी बच्ची के सामने ही सरेआम बेहद गंदी-गंदी गालियां और अपशब्द बकने लगा. जब बच्ची के पिता कारी यादव ने इसका कड़ा विरोध किया और आरोपी से कहा कि वे उनकी मासूम बेटी के सामने ऐसी भाषा का प्रयोग न करें, तो आरोपी मंटू यादव आपा खो बैठा और उग्र होकर पीड़ित से ही उलझ गया.
घर से लोडेड कट्टा लेकर पहुंचा आरोपी, ग्रामीणों ने दिखाया साहस
आरोप है कि मंटू यादव ने पीड़ित को देख लेने की धमकी दी और कहा कि “आज तुमसे पूरा हिसाब कर लेंगे.” इसके बाद वह गुस्से में तमतमाता हुआ अपने घर गया और वहाँ से एक लोडेड देसी कट्टा लेकर वापस खेत पर आ धमका. उसने सीधे कारी यादव की छाती पर कट्टा तान दिया और ट्रिगर दबाने की धमकी देने लगा.
इस बीच मौके पर मचे चीख-पुकार और शोर-शराबे को सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे मनीष यादव सहित दर्जनों ग्रामीण दौड़कर वहाँ पहुंचे. ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए गजब के साहस का परिचय दिया और आरोपी मंटू यादव को चारों तरफ से घेराबंदी कर दबोच लिया. लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए उसके हाथ से लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस छीन लिया.
डायल 112 की टीम ने किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल
दबंग आरोपी को बंधक बनाने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना आपातकालीन सेवा डायल 112 के माध्यम से ग्वालपाड़ा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की गश्ती पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अवैध हथियार व कारतूस के साथ अपनी हिरासत में ले लिया. बाद में आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय अरार थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
मामले की पुष्टि करते हुए अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र ने बताया कि पीड़ित पिता के लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी मंटू यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट (हथियार अधिनियम) और जान से मारने की धमकी देने की गंभीर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने अवैध हथियार को सील कर दिया है और गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में मधेपुरा जेल भेज दिया गया है.
