उदाकिशुनगंज (मधेपुरा). मुख्यमंत्री बिहार द्वारा आमजन के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के व्यापक प्रचार प्रसार के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उदाकिशुनगंज प्रखंड मुख्यालय में लाइव प्रसारण किया गया. प्रखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, राशन, आयुष्मान योजना, पंचायत विकास, रोजगार सृजन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने का आह्वान किया.
उदाकिशुनगंज प्रखंड सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम
उदाकिशुनगंज प्रखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य, 20 सूत्री समिति के सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एलईडी स्क्रीन सहित सभी आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं की गई थीं. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पंचायत सरकार भवनों में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम देखा. सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं पर आधारित रिपोर्ट कार्ड एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लोगों को उपलब्ध कराई गई.
बीडीओ ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य
बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रति जागरूक करना है. मौके पर बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित, सीओ स्वाती झा, बीपीआरओ सत्यनारायण रजक,महिला प्रवेक्षिका रुकसाना खातून, सपना कुमारी,वरीय सहायक प्रीति कुमारी,प्रवीण कुमार,सुमन कुमार सिंह,भुवनेश्वर यादव,उप प्रमुख राजेश कुमार यादव, हरिलाल मंडल सहित अन्य लोग मौजूद थे.
