सीएम कन्या उत्थान योजना: स्नातक उत्तीर्ण छात्राएं ऑनलाइन जांचें अपना नाम, आधार नंबर अपडेट नहीं होने से 754 का डाटा अटका
मधेपुरा. बीएनएमयू ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं का डाटा मेधाशॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड कर दिया है. 15 मई तक विश्वविद्यालय द्वारा कुल 14,935 छात्राओं का विवरण सफलतापूर्वक पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया गया है. अब संबंधित छात्राएं मेधाशॉफ्ट पोर्टल व विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम व अन्य विवरण जांच सकती हैं. विश्वविद्यालय नोडल कार्यालय के सहायक शुभम राज ने बताया कि दिसंबर 2025 तक स्नातक उत्तीर्ण कुल 15,686 छात्राओं में से 14,935 का डाटा अपलोड किया जा चुका है. जबकि, तकनीकी कारणों से 754 छात्राओं का डाटा फिलहाल अपलोड नहीं हो सका है.
यूएमआइएस पर आधार नंबर अपडेट कराना अनिवार्य
सहायक शुभम राज ने बताया कि जिन 754 छात्राओं का डाटा अटका है, उसका मुख्य कारण यूएमआइएस पोर्टल पर उनका आधार नंबर अपडेट नहीं होना है. उन्होंने प्रभावित छात्राओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना आधार विवरण अपडेट करवा लें. आधार अपडेट होने के बाद ही उनका डाटा मेधाशॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा, जिसके बाद ही वे योजना के लाभ के लिए आवेदन कर सकेंगी.
त्रुटियों के सुधार के लिए नोडल कार्यालय से करें संपर्क
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, पिछले सत्र की भी कई छात्राएं आधार संख्या, जेंडर, जन्मतिथि एवं अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण अब तक इस कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित हैं. ऐसी सभी छात्राएं विश्वविद्यालय के नोडल कार्यालय से संपर्क कर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान करवा सकती हैं. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.