मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत टेंगराहा सिकियाहा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-57 का नियमित संचालन नहीं होने से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिला और वहां कोई गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी.
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र की सेविका प्रतिभा कुमारी और सहायिका अनीता देवी के बीच लंबे समय से चल रहे आपसी विवाद के कारण केंद्र का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है. लोगों का कहना है कि कभी-कभी केंद्र का संचालन निर्धारित भवन के बजाय सेविका के घर के दरवाजे पर किया जाता है. जबकि केंद्र के लिए टट्टी और टीन से निर्मित अलग भवन सेविका के घर से कुछ ही दूरी पर उपलब्ध है, लेकिन वहां संचालन नहीं हो रहा है.
सहायिका अनीता देवी ने बताया कि वह सेविका के घर पर संचालित केंद्र में कार्य नहीं करेंगी, क्योंकि वहां अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है. उनका कहना है कि केंद्र का संचालन निर्धारित भवन में ही होना चाहिए, ताकि सभी लाभुकों को नियमित रूप से सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके.
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन मुखिया भूपेंद्र यादव के कार्यकाल में सेविका और सहायिका की नियुक्ति हुई थी. उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है. साथ ही बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाली सरकारी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने की अपील की है.
