सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा सके.
शंकरपुर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एएनसी जांच शिविर आयोजित किया गया. इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जीके दिनकर के नेतृत्व में कुल 75 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गयी. जांच के दौरान गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, वजन सहित अन्य आवश्यक जांच की गयी. साथ ही उन्हें संतुलित आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा निर्धारित समय पर टीकाकरण कराने के लिये जागरूक किया गया. इस मौके पर डॉ जीके दिनकर ने कहा कि “गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित एएनसी जांच बेहद जरूरी है. इससे गर्भवती महिला एवं गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है और किसी भी प्रकार की जटिलता का समय रहते उपचार किया जा सकता है. वहीं इस दौरान कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) से पीड़ित ग्रेड-2 के एक मरीज निशिहरपुर निवासी मनोज मंडल के पुत्र सौरव कुमार को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया, ताकि वह सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा सके. स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि कुष्ठ रोग का समय पर इलाज संभव है एवं लोगों को इससे डरने या छिपाने की आवश्यकता नहीं है. स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने लोगों से अपील करते हुये कहा कि “यदि किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करायें, क्योंकि समय पर उपचार से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, जीएनएम एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे. स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं बेहतर हो रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से आयोजित किये जा रहे. ऐसे स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है.
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.