जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में आनंद को मिला प्रथम स्थान, टाॅप टेन में पांच बालिका

जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में आनंद को मिला प्रथम स्थान, टाॅप टेन में पांच बालिका

मधेपुरा.

ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय मधेपुरा में युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हो गया. इसमें आनंद आशीष ने प्रथम, गीतांजलि कुमारी ने द्वितीय तथा विकास कुमार मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. पूजा कुमारी, सूरज कुमार, श्वेता सिन्हा, आयुष कुमार, चांदनी कुमारी, श्रवण कुमार, आकांक्षा क्रमशः चौथे से लेकर 10वें स्थान पर रहे. इन सबों को दो अप्रैल को बिहार विधानसभा पटना में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व दस प्रतिभागियों को विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव व बीएनएमयू कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा के हाथों पुरस्कृत किया गया.

एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर भाषण के लिए दिया गया था तीन मिनट का समय

प्रतिभागियों को एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर भाषण के लिए तीन मिनट का समय दिया गया था. इस निर्धारित अवधि में प्रतिभागियों का मूल्यांकन एक सौ अंकों के आधार पर किया गया. इसमें सामग्री प्रासंगिकता में 20, स्पष्टता व संरचना में 15, मौखिक संचार व बॉडी लैंग्वेज में 25, नवाचार व रचनात्मकता में 20, भाषा व प्रवाह में 10 तथा समय का पालन में 10 अंक निर्धारित था. निर्णायक की भूमिका एनसीसी पदाधिकारी ले गुड्डु कुमार, एमएचएम कॉलेज सोनवर्षा सहरसा के असिस्टेंट प्रोफेसर शशिकांत कुमार, सियाराम उच्च विद्यालय जोगवनी मधेपुरा की शिक्षिका शशिप्रभा जायसवाल, डा रंजन यादव व सार्क इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य हर्षवर्धन सिंह राठौर ने निभाई. सीएम साइंस कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डा संजय कुमार परमार, एजुकेटर सरदार रंजीत सिंह व शोधार्थी सौरभ कुमार चौहान ने आयोजन में तकनीकी सहयोग दिया.

सेल्फी प्वाइंट आकर्षक का केंद्र

कार्यक्रम को लेकर महाविद्यालय के सभा-भवन को सजाया गया था. भवन के सामने एक सेल्फी प्वाइंट भी लगाया गया था, जो आकर्षण का केंद्र रहा. कार्यक्रम के संयोजक डाॅ सुधांशु शेखर ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम के लिए माय भारत पोर्टल पर कुल दो सौ 96 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था. इनमें से एक सौ 50 प्रतिभागी का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था. गुरुवार को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में एक सौ दो प्रतिभागी उपस्थित हुये. इनमें 65 युवा व 37 युवतियां थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >