गम्हरिया : अवैध शराब के व्यापारी और पुलिस तू डाल डाल, मैं पात पात के अंदाज में कार्य कर रहे है. इस कड़ी में बुधवार की देर शाम पुलिस छापामारी में 180 एमएल के 32 टेट्रा पैक विदेशी शराब जब्त की गयी है. साथ ही शराब के साथ विक्रेता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. इस बाबत थाना में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश अपने टीम के साथ थाना क्षेत्र के सूर्यगंज बाजार स्थित कृष्ण देव उर्फ कृष्णा गुप्ता के घर में बेच रहे अवैध शराब की सूचना पर छापामारी किया तो पाया कि खपड़ेल के घर में एक सुरंघ बना रखा था.
जिसे देखने से थानाध्यक्ष शक हुआ और खुदाई शुरू की. इस दौरान वहां से अवैध विदेशी शराब के 180 एमएल के 32 टेट्रा पैक पाया गया. वहीं थानाध्यक्ष ने कृष्णा गुप्ता और उनकी पत्नी शोभा देवी को गिरफ्तार कर किया. गौरतलब है कि कृष्णा गुप्ता पूर्व से अवैध शराब की बिक्री कर रहे थे. इस बात को लेकर उत्पाद अधीक्षक के द्वारा कई बार कृष्णा गुप्ता के घर छापामारी की गयी थी. मगर पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ता था. कृष्णा बार – बार पुलिस को चकमा देकर अवैध शराब की बिक्री करते आ रहा था. इस दौरान मुख्य रूप से सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश, पुअनि रामकेवल राम समेत पुलिस कर्मी विकास कुमार, मदन कुमार, उत्पाद सिपाही पुरूषोत्तम कुमार, कुमार गौरव, महिला सिपाही शिल्पी कुमारी, निधि प्रिया उपस्थित थे.
