मधेपुरा. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य डॉ संजीव कुमार झा ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन की मांग की है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान नहीं होने से शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है. ज्ञापन में उन्होंने बताया कि शिक्षकों के वेतन से प्रत्येक माह एनपीएस अंशदान की कटौती तो की जा रही है, लेकिन फरवरी 2025 के बाद से संबंधित खाते में राशि जमा नहीं हो रही है. इससे शिक्षकों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे अविलंब सुधारने की आवश्यकता है. इसके अलावा, प्रोन्नति प्राप्त शिक्षकों के वेतन वृद्धि एवं बकाया भुगतान का मामला भी लंबित बताया गया है. उन्होंने मांग की कि प्रोन्नति की तिथि से वेतन निर्धारण कर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए. डॉ झा ने सेवा संपुष्टि (कन्फर्मेशन) में हो रही देरी पर भी चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की प्रोबेशन अवधि पूरी हो चुकी है, उनकी सेवा शीघ्र पुष्टि की जाए. ज्ञापन में सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण सहित अन्य सेवा लाभों के भुगतान में हो रही देरी का भी उल्लेख किया गया है. उन्होंने मांग की कि सभी लंबित भुगतान अविलंब किए जाएं. इसके साथ ही जुलाई 2022 से महंगाई भत्ता,राहत की बकाया राशि के भुगतान की भी मांग उठाई गई है. उन्होंने कहा कि अन्य विश्वविद्यालयों में इसका भुगतान हो चुका है, जबकि यहां अब तक लंबित है. डॉ संजीव कुमार झा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन सभी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है.
सीनेट सदस्य डॉ संजीव ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
सीनेट सदस्य डॉ संजीव ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
