मधेपुरा : घैलाढ़ थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव के वार्ड नंबर पांच में शनिवार रात सांप के डसने से नौ वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान कमलपुर निवासी रमन कुमार मंडल के पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, रितिक शनिवार रात अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था. इसी दौरान रैक में रखी किताब निकालने के लिए जैसे ही उसने हाथ बढ़ाया, वहां मौजूद किसी जहरीले सांप ने उसके हाथ में डस लिया. सांप के डसते ही रितिक ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो रितिक को सांप के डसे जाने की जानकारी हुई. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मधेपुरा के एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे. वहां इलाज के दौरान रितिक की मौत हो गयी.
घटना की सूचना घैलाढ़ थाना और अंचल कार्यालय को दी गयी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिलेगी सहायता राशि
घैलाढ़ थानाध्यक्ष पंकज कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
वहीं, अंचल अधिकारी वंदना कुमारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच कर ली गयी है. पोस्टमार्टम और प्राथमिकी की प्रति मिलने के बाद नियमानुसार आपदा मद से मिलने वाली सहायता राशि मृतक के परिजनों को उपलब्ध करायी जा सकेगी.
