मधेपुरा : सोमवार को समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम के आने की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग स्टेशन पर पहुंच कर डीआरएम सुधांशु शर्मा का इंतजार करते रहे. लेकिन डीआरएम सुधांशु शर्मा मधेपुरा स्टेशन पर उतरने की बजाय विशेष ट्रेन से सीधे बनमनखी चले गये. ज्ञात हो कि सोमवार को डीआरएम के आने की सूचना मिलते ही मधेपुरा के व्यवसायी रेल कारखाना के भू स्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि सुबह दस बजे से ही रेलवे स्टेशन पर डटे हुए थे.
करीब साढ़े 11 बजे मधेपुरा रेलवे स्टेशन से डीआरएम का विशेष ट्रेन बनमनखी के तरफ चला गया. डीआरएम से विभिन्न समस्याओं को लेकर मिलने पहुंचे लोगों में मायूसी छा गयी. मधेपुरा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि डीआरएम के द्वारा विंडो इंस्पेक्शन किया गया. स्टेशन पर रूकने की कोई जानकारी रेल प्रशासन द्वारा नहीं दी जायेगी.
