मधेपुरा/उदाकिशुनगंज/जीतापुर : सदर प्रखंड के भर्राही में गुरुवार को हुए सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. वहीं बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार उदाकिशुनगंज निवासी कृष्णा कुमार अपने चचेरे भाई विवेकानंद के साथ गुरूवार की सुबह सहरसा के लिए निकला. इस दौरान सदर प्रखंड के भर्राही बाजार के समीप दोनों युवकों की बाइक जीप से टकरा गयी. जीप व बाइक की सीधी टक्कर होने के कारण बाइक सवार कृष्णा की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. वहीं विवेकानंद को गंभीर हालात में शहर के निजी अस्पताल में भरती कराया.
जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. घटना स्थल पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर होने के बाद जीप चालक जीप लेकर फरार हो गया. मौके पर भर्राही पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल को निजी अस्पताल में भरती कराया गया. वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. भर्राही ओपी अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि वाहन एवं वाहन चालक का जल्द की पता लगाया जायेगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
समाचार प्रेषण तक थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है. — मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय निवासी कृष्णा कुमार की सड़क दुर्घटना में हुए मौत की खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी. कृष्णा की दर्दनाक मौत की खबर सुनते ही बाजार क्षेत्र में कोहराम मच गया.
बाजार के लोग दुकान बंद कर मृतक के यहां पहुंच गये और परिजनों को सांत्वना दिया. इस दौरान लोगों की मुंह से एक ही बात निकल रही थी, अब कृष्णा के दो मासूम बच्चों परवरिश कैसे होगी. मौके पर बताया गया कि कृष्णा के दो पुत्र हर्षित राज व गोलु राज के सिर से पिता का साया उठ गया.परिजनों के आंखों से नहीं रुक रहे थे आंसू मौत की खबर मिलने के बाद से कृष्णा के परिजनों के आंखों से आंसू रूक नहीं रहे थे. बदहवास पत्नी नीतू कुमारी बार बार बेहोश हो कर गिर रही थी.
पति के मौत के बाद पत्नी नीतू की स्थिति बिगड़ गयी. जिसे परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया. जहां डॉक्टरों ने उपचार कर स्थिति खतरे से बाहर बतायी. मृतक के मां व पिता युगल किशोर साह का रो रो कर बुरा हाल हो गया था. सात वर्ष पूर्व सिवान में हुई थी कृष्णा की शादी मृतक के परिजनों ने बताया कि सात वर्ष पूर्व 2008 में कृष्णा की शादी सिवान में नीतू के साथ हुई थी. लेकिन महज सात वर्ष में ही उनकी पत्नी विधवा हो जायेगी और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जायेगा इसका किसी को अंदाजा नहीं था.
पिता युगल किशोर साह ने रोते रोते बताया कि गुरूवार को दिन के दस बजे कृष्णा अपने चचेरे भाई विवेकानंद के साथ सहरसा के लिए निकला था. लेकिन वापस घर लौट कर नहीं आयेगा, कहते कहते युगल किशोर साह दहाड़ मार कर रोने लगे.— टूटे सड़क पर धूल उड़ने से हुई घटना प्रत्यक्षदर्शियों व ग्रामीणों की माने तो मधुबन से लेकर भर्राही बाजार तक सड़क बूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टूटे हुए सड़क पर धूल उड़ने से दुर्घटनाएं होते रहती है.
ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त किया कि धूल उड़ने के कारण बाइक सवार युवक या जीप चालक को आगे दिखाई नहीं दिया हो, जिसके कारण बाइक व जीव की आमने सामने टक्कर हो गयी. वहीं ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय जीप की गति काफी तेज थी.
