मधेपुरा : जिले में एक बार फिर अपराधियों की बंदूक से गोली निकलने लगी है. इसका शिकार आम लोगों के साथ – साथ राहगीर व व्यापारी बन रहे है. पुलिस छानबीन कर गिरफ्तारी की बात कह अपना पल्ला झाड़ रही है. जिले में तीन दिनों के अंदर सिलसिलेवार घटना को अंजाम दिया गया है. घटना की शुरुआत सोमवार की रात उदाकिशुनगंज के रामपुर खोड़ा गांव से हुई.
जहां बदमाशों ने रंगदारी के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. दूसरी घटना इसकी थाना क्षेत्र के आनंदपुरा गांव की है, यहां भूमि विवाद में पांच वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गयी. मंगलवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने बिहारीगंज-मुरलीगंज मुख्य सड़क पर कठौतिया गांव के समीप सेवानिवृत फौजी को गोली मार कर बाइक लूट ली.
वहीं बुधवार की सुबह अज्ञात अपराधियों ने सिंहेश्वर पीपरा रोड में मवेशी व्यापारी को गोली मार कर करीब पौने दो लाख रूपये लूट लिया. बुधवार की रात कुमारखंड के पुरैनी में युवक की हत्या कर शव को बांसबाड़ी में फेंक दिया गया. यह घटनाएं इस बात को दरसाती है कि जिले में अपराधी फिर से सिर उठाना शुरू कर दिया है. जिससे लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है.
लोगों को भय मुक्त करने के लिए पुलिस को तत्परता के साथ अपराधियों पर नकेल कसना होगा. इनसेट सिंहेश्वर में मवेशी व्यापारी को गोली मार पौने दो लाख की लूट प्रतिनिधि, मधेपुरासिंहेश्वर पीपरा रोड में एनएच 106 पर हथियार लैस बाइक सवार अपराधियों ने जम कर तांडव मचाया.
अपराधियों ने बुधवार की अहले सुबह मवेशी व्यापारियों को अपना निशाना बनाया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अररिया जिले के कमलदह पंचायत निवासी मो मंजर आलम अन्य साथियों के साथ पिक अप वैन से सिंहेश्वर मवेशी खरीदने आ रहा था. इस दौरान सिंहेश्वर पीपरा मुख्य मार्ग एनएच 106 पर बैहरी पंचायत के तरहा गांव के समीप बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के का भय दिखा कर वैन को रोक दिया.
मौके पर अपराधियों ने व्यापारियों के साथ लूटपाट शुरू कर दी. विरोध करने पर अपराधियों ने व्यापारी मंजर आलम को गोली मार दी. व्यापारी को गोली मार अपराधी शंकरपुर की तरफ भाग निकला. घायल स्थित में व्यापारी को स्थानीय लोगों ने सिंहेश्वर पीएचसी में भरती कराया.
पीएचसी में डॉक्टरों घायल की गंभीर स्थिति को देख कर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि व्यापारी के पेट में गोली फंस गयी है, स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. हालांकि सदर अस्पताल से घायल की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए बाहर रेफर किया गया.
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है. संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. इन लोगों से पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है.
