शहर में नहीं हुई है अलाव की व्यवस्था, गरीब व नि:सहाय की जान खतरे में
एक जनवरी की रात शहर के वार्ड नंबर तीन में एक नि:शक्त की हुई मौत, लोगों की सूचना पर नहीं पहुंची पुलिस
मधेपुरा : ठंड दिनों दिन अपने रंग दिखा रही है. कहीं वृद्ध की जान जा रही है, तो कहीं युवक की. लेकिन इनसे जिला के आलाधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है. ठंड के बावजूद शहर में कहीं पर अलाव व नि:सहाय लोगों के बीच गर्म कपड़े का वितरण नहीं किया गया है. शहर के वार्ड नंबर तीन में पीएचइडी कार्यालय के समीप एक नि:शक्त की मौत सोमवार को हो गयी है. मंगलवार को इसकी सूचना लोगों ने पुलिस प्रशासन को दी. लेकिन जब पुलिस प्रशासन नहीं आये, तो बुधवार को पुन: जानकारी दी गयी. बुधवार को सदर थाना के पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
वार्ड पार्षद के पहल के बाद आयी पुलिस
स्थानीय लोगों घटना की जानकारी वार्ड नंबर तीन के वार्ड पार्षद डा अभिलाषा कुमारी व समाजसेवी डा लल्लन यादव को दी. उन्होंने इसकी सूचना सदर थाना के थानाध्यक्ष केबी सिंह को दी. थानाध्यक्ष ने सदर थाना के एसआइ अरुण कुमार, एसआइ सुरेश कुमार को घटनास्थल पर भेजा. एसआइ अरुण ने बताया कि शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद इसे 72 घंटे तक हॉस्पिटल में रखा जायेगा ताकि कोई पहचान करता इसे पहचान कर ले जा सके. नहीं तो सरकार के नियमानुसार दाह संस्कार किया जायेगा.
