विभाग उदासीन. बैजनाथपुर-लिटियाही सड़क की स्थिति खराब
गम्हरिया : जिले के विभिन्न सड़कों को दुरुस्त करने के लिए सरकार योजना पर योजना पास कर रही है, लेकिन सरजमीन पर कुछ नहीं हो रहा है. अधिकारी निर्देश तो देते है बेहतर कार्य करने की, लेकिन वह सरजमीन पर हकीकत से परे होता है. लिटयाही-बैजनाथपुर जाने वाली सड़क की हालत खराब है. लोग परेशान हैं और प्रशासनिक अमला बेफिक्र. इन दिनों सड़कों की जर्जर हो चुकी है. इधर से वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी दूभर हो गया है. सड़क इतनी जर्जर है कि छोटे से लेकर बड़े वाहनों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है. अब तो लोग मुख्य मार्ग छोड़ नहर मार्ग से आने-जाने लगे हैं.
गम्हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित भागवत चौक , बभनी एसबीआइ बैंक के पास, फुलकाहा के गुप्ता टोला में बड़ा गड्ढा बन गया है. जीवछपुर मुस्लिम टोला के पास बड़ा गड्ढा बन चुका है. गौरतलब है कि गत महीनों पूर्व डीएम के द्वारा संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत का आदेश दिया गया, लेकिन वह आदेश सिर्फ वहीं तक सिमट कर रह गया. अब तक न तो कार्य शुरू हुई है और न ही इस ओर कोई पहल होते दिख रहा है.
वैकल्पिक तौर पर लोग ले रहे हैं नहर मार्ग का सहारा :जर्जर सड़क के कारण आये दिन हादसे होते रहते हैं और बरसात के दिनों में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है. वाहन चलाना तो दूर लोग पैदल तक नहीं चल पाते है. भागवत चौक से सौ मीटर की दूरी पर प्रखंड मुख्यालय स्थित मार्ग अब गड्ढे का रूप ले चुका है. इन गड्ढों में से होकर वाहन चालकों की मुश्किलें बढने लगी हैं. वहीं तरावे फुलकाहा हरिजन टोला तक मुख्य मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त है. पिछले कई वर्षों से बैजनाथपुर गम्हरिया मार्ग से लिटियाही मार्ग का निर्माण कार्य के लिए ग्रामीणों के द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है. मगर आवेदन धूल मिट्टी खा रही है.
सड़क पर जगह-जगह बन गये हैं रेनकट
लिटियाही बैजनाथपुर जाने वाली बदहाल सड़क में जगह – जगह रेटकट बना हुआ है. यह रेन कट वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. सड़कें बदहाल हो चुकी है. पूर्व से मौजूद गड्ढे वाहन चालकों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है. छोटी पुलिया के निकट रेन कट किसी भी वक्त हादसे के कारण बन सकता है. हर आने जाने वाले लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर सफर करते है. लोगों का कहना है कि रात में इस सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है.
कहते हैं स्थानीय लोग
प्रखंड प्रमुख शशि कुमार, राजीव भगत, सिंटू कुमार आदि लोगों ने कहा कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण गाड़ियों की आवाजाही से परेशानी हो रही है. इस कारण आये दिन कोई न कोई दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है. सड़क की चौड़ाई कम रहने के कारण वाहन साइड करने में काफी परेशानी होती है. विनोद कुमार कहते हैं कि सड़क से गिट्टी उखड़ गयी है. जब कोई बड़ी गाड़ी जैसे ट्रक, बस इधर से गुजरती है तो टायर से गिट्टी छिलक जाता है. इससे राहगीर व स्थानीय लोग जख्मी हो जाते है.
