शंकरपुर : प्रखंड क्षेत्र में हल्की बारिश व हवा में बिजली की धारा प्रवाहित तार कब कहा टूटकर गिर जायेगा यह कहना मुश्किल हो गया है. बिजली की धारा प्रवाहित तार टूटकर गिरने के कारण अबतक में दर्जनों पशु की मौत हो चुकी है. साथ ही दर्जनों परिवार का घर जल गया है. गिद्धा पंचायत के वार्ड नंबर एक चंपानगर गिद्धा में बुधवार को चंद्रकिशोर मंडल के घर के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की धारा प्रवाहित तार टूट कर गिर गया. इससे घर में आग लग गया.
लोगों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारी को दी. बिजली काटने के बाद आग पर काबू पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच शंकर सरदार, पंसस ललिता देवी, अशोक मंडल, मुसहरू सरदार, विपिन मंडल योगेंद्र मंडल, पवन मंडल, विशेश्वर मंडल, राजकुमार मंडल आदि ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग के लचर व्यवस्था के कारण आये दिन बिजली की संपर्क में आने से पशु की जान चली जाती है.
