प्रभारी सचिव ने डीएम के साथ कटाव स्थल का किया निरीक्षण
आलमनगर : कोसी में पानी बढ़ने से प्रखंड के सुखाड़ घाट में हो रही कटाव का निरीक्षण जिला प्रभारी सचिव सह बिहार सरकार के वित्त सचिव राहुल सिंह व डीएम मो सोहैल सहित अन्य अधिकारियों ने किया. इस दौरान कोसी कटाव से प्रभावित होने वाले परिवारों से मिलकर जानकारी ली. वही कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर चलाने का निर्देश दिया. सचिव ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को मिट्टी भराई के साथ-साथ जगह-जगह जियो बैग में बालू भरकर कटाव निरोधी कार्य करने का आदेश दिया. वहीं डीएम मो सोहैल ने कार्यपालक अभियंता को कई जगहों पर निरीक्षण करते हुए कटाव निरोधी कार्य करने का निर्देश दिया.
वहीं उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा कटाव निरोधी कार्य के लिए पांच सिंक लगाया गया था, लेकिन तीन सिंक को कोसी के कटाव ने अपने आगोश में ले लिया है. कटाव निरोधात्मक कार्य किया जा रहा है एवं कोसी नदी में अत्यधिक पानी इस वर्ष एक लाख 72 हजार क्यूसेक छोड़ा गया है. इसलिए कटाव निरोधी कार्य रात दिन युद्ध स्तर पर किया जा रहा. वहीं बोरा में बालू भरकर रखने का निर्देश दिया गया है.
उच्चाधिकारी को भेजा त्राहिमाम संदेश
पटना के उच्चाधिकारियों को कटाव निरोधात्मक कार्य के लिए संदेश भेजा गया. जिसके उपरांत पटना से अभियंता की एक टीम कटाव स्थल का दौरा कर कटाव निरोधी कार्य करने का काम करेगी. उन्होंने अभियंता को रात दिन कटाव स्थल पर रहकर कटाव निरोधी कार्य करने का निर्देश दिया है. वहीं सुखार घाट के समीप परमानंद यादव के घर के पास से निकलने वाली धारा को पूर्ण रूप से बंद करने के लिए बांध बांधने का निर्देश दिया. जिसे मुखिया द्वारा मनरेगा से किया जायेगा.
वहीं कटाव से जुझ रहे 40 परिवार के सदस्यों ने डीएम से कटाव निरोधी कार्य हेतु ठोस कदम उठाने के साथ-साथ कटाव स्थल पर बोल्डर गिरा कर कटाव रोकने की मांग की. उन लोगों का कहना था कि संवेदक द्वारा बगल से हीं मिट्टी काटकर बोरे में भरकर कटावरोधी कार्य किया गया है. इस कारण से कटाव तो रूक नहीं पा रही है. ऐसे में इस कटाव निरोधी कार्य से कुछ भी फायदा होने वाला नहीं है. इस दौरान एसपी विकास कुमार, एसडीओ उदाकिशुनगंज जेड हसन, डीएसपी उदाकिशुनगंज अरुण दुबे, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मुकेश कुमार, डीएओ युदुनंदन प्रसाद यादव, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता रमेश साह, बीडीओ मिन्हाज अहमद, सीओ विकास कुमार, आलमनगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, रतवारा थानाध्यक्ष उमेश पासवान, एसडीआरएफ इंस्पेक्टर एसएन पांडे, मुखिया मुकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि हेमु कुमार, पंसस नकुलदेव आदि मौजूद थे.
