जमीन विवाद में विसर्जन जुलूस में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियों के बीच बड़हिया थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया
बीएनएम कॉलेज रोड पर रविवार रात की घटना, इलाके में तनाव
बड़हिया.
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियों के बीच बड़हिया थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. बीएनएम कॉलेज रोड पर विसर्जन जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर सरेराह चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस हमले में घायल युवक कि हालत गंभीर बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो अपने मोहल्ले से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गंगा घाट जा रहा था. बताया जा रहा है कि कॉलेज रोड पर पहले से घात लगाये बैठे बादल साव और उसके एक सहयोगी ने प्रमोद को घेर लिया. दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था, जो इस दौरान अचानक उग्र हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते बहस बढ़ी और हमलावरों ने चाकू निकालकर प्रमोद कुमार के पेट में वार कर दिया. हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही प्रमोद खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी और हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल, लोगों में डर व गुस्सा
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले कि जांच शुरू कर दी है. पुलिस प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. प्रभारी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दी ह. पुलिस की मौजूदगी के दावों के बावजूद सरेराह इस तरह की वारदात ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दी है. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है.