10 पर्चाधारी किसानों की गेहूं फसल जबरन काटी, फायरिंग कर फैलायी दहशत

10 पर्चाधारी किसानों की गेहूं फसल जबरन काटी, फायरिंग कर फैलायी दहशत

रात के अंधेरे में हार्वेस्टर लेकर पहुंचे दबंग, विरोध करने पर डराया-धमकाया, थाने में आवेदन

सूर्यगढ़ा. पिपरिया थाना क्षेत्र के पथुआ दियारा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं. यहां सामाजिक न्याय व जमीन के अधिकार को चुनौती देते हुए दबंगों ने 10 पर्चाधारी किसानों के हक पर डाका डाला है. रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात दबंगों ने हार्वेस्टर के जरिए किसानों के खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल को जबरन काट लिया. ग्रामीण सूत्रों की मानें तो इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए दबंगों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे ग्रामीण सहम गये. जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे जब गांव के लोग सो रहे थे, तभी दबंगों का समूह हार्वेस्टर के साथ पथुआ दियारा पहुंचा. सुनियोजित तरीके से एक-एक कर पर्चाधारी किसानों के खेतों में लगी फसल को काटना शुरू कर दिया गया. सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी. मेहनत की कमाई और साल भर के राशन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था.

इन किसानों की फसल लूटी

पीड़ित किसानों में पन्नू रजक, बालचंद रजक, बाली रजक, रमाकांत भगत, फूचो पासवान, सहदेव ठाकुर, भुवनेश्वर भगत और सत्यनारायण भगत समेत कुल 10 किसान शामिल हैं. इन सभी के पास जमीन के सरकारी पर्चे हैं और वे वर्षों से इन खेतों को जोतते-बोते आ रहे हैं. मामले को लेकर पीड़ित किसानों ने सोमवार को पिपरिया थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. इस संबंध में पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन ने बताया कि फसल काटे जाने की शिकायत मिली है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >