टाली बिशनपुर में खुशियों की लहर, खत्म हुई पेयजल की किल्लत

खत्म हुई पेयजल की किल्लत

डीएम ने किया वादा निभाया, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं

कजरा

सूर्यगढ़ा प्रखंड के मदनपुर पंचायत स्थित अनुसूचित जनजाति बाहुल्य गांव टाली बिशनपुर और टाली कोड़ासी में गुरुवार को जिला प्रशासन की पहल से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो गया. डीएम शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं डीडीसी सुमित कुमार ने गांव पहुंचकर पीएचईडी द्वारा कराये गये बोरिंग और नल-जल आपूर्ति कार्य का स्थल निरीक्षण किया. अधिकारियों के गांव पहुंचते ही महिलाओं और बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.

जनगणना शुभारंभ पर किया था वादा

दो मई को लखीसराय में जनगणना का शुभारंभ टालिकोड़ासी एवं टाली बिशनपुर से हुआ था. तब ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने पानी के लिए मीलों दूर जाने की पीड़ा डीएम के सामने रखी थी. जिलाधिकारी ने मौके पर ही समस्या के त्वरित समाधान का भरोसा दिया था.

तीन सप्ताह में घर-घर पहुंचा शुद्ध पेयजल

डीएम के निर्देश के बाद पीएचईडी ने युद्धस्तर पर काम शुरू किया. गांव में बोरिंग कराकर नल के जरिये हर घर तक पानी पहुंचा दिया गया. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा. महिलाओं ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि बरसों का इंतजार खत्म हुआ.

संथाली स्वागत गीत से हुआ अभिनंदन

डीएम के स्वागत में गांव की बच्चियों फूल कुमारी और ममता कुमारी ने पारंपरिक संथाली गीत प्रस्तुत किया. अधिकारियों ने प्रस्तुति की सराहना की और ग्रामीण संस्कृति को सहेजने पर जोर दिया. करीब डेढ़ घंटे तक डीएम गांव में रहे और लोगों से सीधा संवाद किया.

शिक्षा और विकास पर दिया बल

दौरे के क्रम में डीएम ने बच्चों के बीच चॉकलेट बांटी और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा, “शिक्षा ही बेहतर भविष्य की कुंजी है.” ग्रामीणों ने सड़क सहित अन्य समस्याएं भी रखीं. डीएम ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये. डीएम ने कहा कि हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. “जो वादा किया था, उसे समय पर पूरा किया गया. विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे.” सूर्यगढ़ा बीडीओ मंजूल मनोहर मधुप ने बताया कि पेयजल के बाद अब सड़क व अन्य सुविधाओं पर चरणबद्ध तरीके से काम होगा.

सोलर प्लांट का भी किया निरीक्षण

ग्राम भ्रमण के बाद अधिकारियों ने कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिये. प्रशासनिक दौरे से ग्रामीणों में विकास को लेकर नयी उम्मीद जगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >