स्व-गणना कार्य को दो दिनों में पूर्ण करने का अल्टीमेटम
Copied link
स्व-गणना कार्य को दो दिनों में पूर्ण करने का अल्टीमेटम
जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश
लखीसराय. समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना था. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों से क्रमवार उनके कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित निर्देशों पर बल दिया. सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें. भारत की आगामी जनगणना के अंतर्गत सभी पदाधिकारी एवं कर्मी एक से दो दिनों के भीतर अपना स्व-गणना कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें. सरकार की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के लिए विभागों के बीच आपसी सहयोग और सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान आवश्यक है. सभी कर्मी समय पर कार्यालय आएं और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें ताकि आम जनता को असुविधा न हो. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देना और सरकार की योजनाओं को प्रभावी बनाना प्रशासनिक टीम की सामूहिक जिम्मेदारी है. बैठक का समापन बिहार गीत के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ.
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित पदाधिकारी
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, एसडीओ प्रभाकर कुमार, डीटीओ मुकुल पंकज मणि, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, आईसीडीएस की डीपीओ वंदना पांडेय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.