दो फरवरी को जगनानी धर्मशाला में होगा डीलर संघ का चुनाव

प्रखंड के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है

बड़हिया. प्रखंड के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. डीलर संघ के चुनाव को लेकर आगामी दो फरवरी की तिथि निर्धारित की गयी है. इस दिन संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया जायेगा. चुनाव का आयोजन नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 स्थित जगनानी धर्मशाला में किया जायेगा, जहां प्रखंड के सभी डीलर एकजुट होकर अपनी नई नेतृत्व समिति का चयन करेंगे. संघ पदाधिकारियों के अनुसार, चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है. पूरी चुनावी प्रक्रिया की निगरानी डीलर संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह तथा बड़हिया प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में की जायेगी. वर्तमान में भी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मृत्युंजय सिंह के पास है, लेकिन संगठन में पारदर्शिता बढ़ाने, आपसी मतभेदों को समाप्त करने और कार्यों में नयी गति लाने के उद्देश्य से पुनः चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है. संघ से जुड़े सदस्यों का मानना है कि इस चुनाव के बाद संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी, जिससे डीलरों के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान में मजबूती आयेगी.

———————————————-

एक फरार वारंटी व मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

बड़हिया. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाये रखने के उद्देश्य से बड़हिया थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यायालय के निर्देश पर आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कुर्की वारंटी को पुलिस ने धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंद्रटोला वार्ड संख्या सात निवासी बच्चा सिंह के पुत्र कारू सिंह रूप में हुई है. वहीं दूसरी ओर, मारपीट के एक अलग मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुटहा डीह निवासी रामस्वरूप सिंह के पुत्र कुश कुमार को गिरफ्तार किया है. बताया गया कि आरोपी पर मारपीट का गंभीर आरोप था और मामले की जांच के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAUSHAN BHAGAT

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >