लखीसराय संग्रहालय में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर दो दिवसीय विशेष आयोजन

संग्रहालय प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

आयोजन के दौरान फोटोग्राफी कार्यशाला भी होगी आयोजित

लखीसराय. अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत लखीसराय संग्रहालय में 18 एवं 19 मई को दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. संग्रहालय प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

दो दिनों तक चलेगा आयोजन

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना तथा विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.

पहला दिन: ””आओ चलें संग्रहालय की ओर””

18 मई को सुबह 11:00 बजे से “आओ चलें संग्रहालय की ओर ” विषय पर कार्यक्रम होगा. इसमें संग्रहालय भ्रमण, प्रदर्शित पुरावशेषों की जानकारी, ऐतिहासिक महत्व पर परिचर्चा और विरासत संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे. आगंतुकों को संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ सिक्कों, पुरातात्विक अवशेषों और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराया जायेगा.

दूसरा दिन: विरासत फोटोग्राफी की बारीकियां सिखायेंगे

19 मई को सुबह 11:00 बजे फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन होगा. यह कार्यशाला लखीसराय फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के सहयोग से होगी. इसमें प्रतिभागियों को विरासत एवं संग्रहालय फोटोग्राफी के आयाम, प्रकाश संयोजन, फ्रेम संरचना और सांस्कृतिक धरोहरों के कलात्मक दस्तावेजीकरण की व्यावहारिक जानकारी दी जायेगी. स्थानीय फोटोग्राफर्स, विद्यार्थी और कला-संस्कृति प्रेमी इसमें भाग ले सकेंगे.

प्रवेश निःशुल्क

संग्रहालय प्रशासन के अनुसार दोनों दिन के कार्यक्रमों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कला एवं इतिहास प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है.

——————————————————————————————————–

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >