मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक दर्जन से अधिक लोग घायल
मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक दर्जन से अधिक लोग घायल
तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर में मारी जोरदार टक्कर, गंभीर रूप से घायल मजदूर सदर अस्पताल रेफर
लखीसराय. जिले के टाल क्षेत्र स्थित दरौक मोड़ के समीप सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलट गया, जिससे करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गये. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, मजदूरों से लदा ट्रैक्टर बड़हिया टाल की ओर जा रहा था. इसी दौरान दरौक मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भूसा लदे पिकअप वाहन ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया. वहीं, पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा. हादसे के समय ट्रैक्टर पर सवार मजदूर सड़क व खेतों में जा गिरे, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान शांति देवी, बिरंचि राम, भैया मुरमुर, गुलों महतो, राजेश कुमार, छोटेलाल हेमरम, रूबी लाल हेमरम, प्रेम बेसरा व मालती बेसरा आदि के रूप में की गयी है. सभी मजदूर बांका जिले के निवासी हैं, जो फसल कटनी के कार्य के लिए बड़हिया टाल क्षेत्र में आये थे. डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश घायलों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आयी हैं, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार व लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए प्रशासन को यहां सुरक्षा के कड़े उपाय करने चाहिए.