Lakhisarai Crime: लखीसराय. कवैया थाना पुलिस ने नया बाजार स्थित एसबीआई मुख्य शाखा के समीप लूट की योजना बना रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ बैंक से नकदी निकालकर निकलने वाले ग्राहकों को निशाना बनाने की तैयारी में था. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
कवैया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि 6 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि 4-5 संदिग्ध व्यक्ति एसबीआई मुख्य शाखा के बाहर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
पुलिस को देखकर भागे आरोपी
पुलिस वाहन पहुंचते ही बैंक के बाहर मौजूद संदिग्ध भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर मुरारी होटल के पास से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके 3-4 साथी बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए.
दो जिंदा कारतूस और नकद बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोकहारा वार्ड संख्या-11 निवासी विक्की मिश्रा, पिता राजकिशोर मिश्रा उर्फ भुआरा मिश्रा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसकी जेब से दो जिंदा कारतूस, दो शेविंग ब्लेड और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए.
'तिवारी गिरोह' का सदस्य होने की स्वीकारोक्ति
थानाध्यक्ष के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कथित 'तिवारी गिरोह' का सक्रिय सदस्य है. गिरोह के सदस्य पुलिस की निगरानी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते और विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर छिनतई एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं. उसने यह भी स्वीकार किया कि वे बैंक से मोटी रकम निकालकर निकलने वाले ग्राहकों को लूटने की योजना बनाकर आए थे.
फरार साथियों की तलाश जारी
Lakhisarai Crime: पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अवैध कारतूस रखने, लूट की साजिश रचने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है. वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
