मां की राह तकती रहीं मासूम आंखें, किऊल स्टेशन पर तीन बच्चों को छोड़कर फरार हुई महिला

किऊल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर तीन लावारिस बच्चों के मिलने से हड़कंप मच गया. यात्रियों की सतर्कता से बच्चों को सुरक्षित जीआरपी के हवाले किया गया, जो अब बाल संरक्षण इकाई में हैं. पुलिस फरार मां की तलाश में जुटी है.

Kiul Railway Station: लखीसराय. किऊल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 पर तीन मासूम बच्चों के लावारिस हालत में मिलने से यात्रियों में हलचल मच गयी. काफी देर तक मां के नहीं लौटने पर लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए किऊल जीआरपी को सूचना दी. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद समाहरणालय स्थित बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया.

यात्रियों ने दिखायी इंसानियत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक महिला तीन बच्चों के साथ प्लेटफॉर्म पर बैठी थी. कुछ देर बाद वह बच्चों को वहीं छोड़कर कहीं चली गई और वापस नहीं लौटी. बच्चे लंबे समय तक वहीं बैठे अपनी मां का इंतजार करते रहे. उनकी बेबसी देखकर यात्रियों ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी.

जीआरपी ने बच्चों को सुरक्षित पहुंचाया

सूचना मिलते ही किऊल जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों को सुरक्षित थाना लेकर गई. इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बच्चों को बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है.

अपना पता भी नहीं बता सके मासूम

किऊल जीआरपी थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि बच्चों से उनके घर और परिजनों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वे अपना पता नहीं बता सके. तीनों बच्चे काफी छोटे हैं. हालांकि एक बच्चा हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के आसपास के किसी विद्यालय की यूनिफॉर्म पहने हुए है, जिससे पुलिस को पहचान तक पहुंचने की उम्मीद है.

मां की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला बच्चों को छोड़कर क्यों चली गई और वह कौन है. साथ ही बच्चों के परिजनों की पहचान के लिए विभिन्न माध्यमों से जांच की जा रही है.

हर आहट पर टिक जाती हैं मासूम निगाहें

Kiul Railway Station: बाल संरक्षण इकाई में रह रहे तीनों बच्चे अब भी किसी अपने के आने का इंतजार कर रहे हैं. हर आहट पर उनकी निगाहें दरवाजे की ओर उठ जाती हैं. उन्हें अब भी उम्मीद है कि शायद अगली बार दरवाजा खुले और उनकी मां उन्हें लेने आ जाये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >