Lakhisarai News : मई-जून की तपती दुपहरिया से पूर्व ही शहर में पानी के लिए मचा हाहाकार

मई एवं जून की तपती दुपहरिया के पूर्व शहर में पेयजल एवं पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है.

लखीसराय से अजीत कुमार की रिपोर्ट Lakhisarai News : मई एवं जून की तपती दुपहरिया के पूर्व शहर में पेयजल एवं पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. शहर के सबसे अंतिम छोर वार्ड नंबर 33 स्थित लाली पहाड़ी के महादलित टोला में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. लोगों के हर घर नल का जल तो लगाया गया है, लेकिन नल से एक बूंद भी जल नहीं टपक रहा है. लोग पानी टावर के पास पहुंचकर घंटों बाल्टी एवं घर के बर्तन को नल से लगाकर रखते हैं, जिससे धीरे-धीरे पानी जमा होने पर उसे घरेलू कार्य एवं पेयजल का उपाय कर पाते हैं. कभी-कभी घंटों तक पानी नल में नहीं आता है. ऐसे में महादलित समुदाय के लोग किऊल नदी में जाकर बालू को खोद कर पानी निकालते हैं एवं उसे बर्तन में जमा कर घर लाते हैं.

कई बार अधिकारियों को कराया गया अवगत, नहीं होती सुनवाई

पानी की किल्लत को लेकर कई बार नगर परिषद एवं पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन महीनों तक सुनवाई नहीं होती है. महादलित टोला में एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन पानी नहीं रहने के कारण शौचालय को बंद रखना पड़ता है. महादलित टोला के कई लोग पानी के अभाव में शौचालय के लिए किऊल नदी का सहारा लेते हैं. पानी कमी को लेकर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बबलू साव के आग्रह पर नप ईओ के द्वारा 10 हजार क्षमता के पानी टैंकर भेजा जा रहा है. यही हाल पुरानी बाजार वार्ड नंबर आठ कुम्हार टोली का है. स्थानीय लोगों ने पानी की कमी को पूरा करने के लिए ईओ को आवेदन दिया है. जिसमें कहा गया है कि महीनों से मोटर खराब पड़ा हुआ है, लेकिन सूचित करने से भी कार्रवाई नहीं होती है. लगभग 1200 की आबादी वाले मुहल्ले के अतिपिछड़ा एवं दलित समुदाय के लोग एक चापाकल पर पानी के लिए निर्भर है.

कहते हैं प्रतिनिधि

वार्ड संख्या 33 के पार्षद प्रतिनिधि बबलू कुमार का कहना है कि पानी की कमी एवं महादलित टोला में पानी नहीं पहुंचने की शिकायत नगर परिषद को किया जाता है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती है.

कहते हैं अधिकारी

नप ईओ प्रभात रंजन ने बताया कि गर्मी के दिनों में वार्ड नंबर 33 में पानी का टैंकर भेजा जाता है. वहीं वार्ड नंबर आठ के लोगों के द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसे ठीक कराया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. tazim

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >