प्रभारी सचिव ने एलपीजी एजेंसी के स्टॉक का किया औचक निरीक्षण
उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर जानी आपूर्ति की स्थिति, एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता पर जताया संतोष
लखीसराय. बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव सह जिला के प्रभारी सचिव राजीव रौशन ने एसडीओ प्रभाकर कुमार के साथ बड़हिया के चूहरचक स्थित रिलायबुल गैस एजेंसी के गैस सिलिंडर स्टॉक का निरीक्षण किया. वे समाहरणालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने पहुंचे थे. गैस एजेंसी के निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा वहां उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया गया. उन्होंने उपभोक्ताओं से गैस समय पर मिलने और आपूर्ति की स्थिति के बारे में विस्तार से पूछताछ की. इस पर उपभोक्ताओं ने संतोष व्यक्त करते हुए समय पर गैस सिलिंडर मिलने की बात कही. सचिव ने गोदाम के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों से भी बातचीत की, लेकिन किसी भी उपभोक्ता ने गैस सिलिंडर न मिलने या वितरण में देरी की शिकायत नहीं की. स्टॉक और आपूर्ति की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद वे समाहरणालय की ओर रवाना हो गए.
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.