किऊल-खगौर स्थित नए भवन में 17 से शिफ्ट होगा केंद्रीय विद्यालय

किऊल-खगौर स्थित नए भवन में 17 से शिफ्ट होगा केंद्रीय विद्यालय

तैयारियां लगभग पूरी, 10 फरवरी तक एडीएम के नेतृत्व वाली टीम डीएम को सौंपेगी रिपोर्ट

लखीसराय. किऊल-खगौर स्थित नदी किनारे नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय (सेंट्रल स्कूल) का नया भवन अब पठन-पाठन के लिए पूरी तरह तैयार है. हालांकि नये सत्र की नियमित पढ़ाई अप्रैल से शुरू होगी, लेकिन विद्यालय का अस्तित्व 17 फरवरी से ही नये भवन में प्रभावी हो जाएगा. भवन के रंग-रोगन, बिजली, पानी, हॉस्टल और क्लास रूम की सुविधाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है.

तीन दिनों में त्रुटियां दूर करने का निर्देश

भवन की गुणवत्ता व सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए डीएम मिथिलेश मिश्र ने कड़ा रुख अपनाया है. डीएम ने एडीएम नीरज कुमार के नेतृत्व में इंजीनियरों की एक विशेष टीम गठित की है. इस टीम को निर्देश दिया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर पूरे परिसर का निरीक्षण कर मंगलवार (10 फरवरी) तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपें, ताकि बची हुई त्रुटियों को तत्काल दूर किया जा सके.

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा का बनेगा केंद्र

17 फरवरी से शुरू हो रही सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के लिए नए भवन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. डीएवी समेत अन्य विद्यालयों के छात्र यहां परीक्षा देंगे. इसके लिए बेंच, डेस्क, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आंतरिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं. मार्च माह तक परीक्षा संपन्न होने के बाद पुराने भवन से सारा सामान नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा.

एक अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र, दिल्ली से आएंगे अधिकारी

केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्रिंसिपल मिहिर कुमार ने बताया कि नए भवन में शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर 99 प्रतिशत तैयारी पूरी हो चुकी है. एक अप्रैल से नए सत्र की पढ़ाई नए भवन में ही संचालित होगी. उन्होंने जानकारी दी कि स्कूल भवन का विधिवत उद्घाटन एक अप्रैल से पूर्व किया जा सकता है, जिसमें केंद्रीय विद्यालय संगठन, दिल्ली के उच्च अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है. मैदान और कुछ छोटे-छोटे निर्माण कार्य सत्र शुरू होने के बाद भी जारी रह सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >